शनिवार, 2 दिसंबर 2017

अमित राजवंशी-नारी चित्रण से फंतासी तक

अमित राजवंशी-नारी चित्रण से फंतासी तक
इंदौर में जन्में अमित राजवंशी की शिक्षा व कर्मस्थली बनी राजस्थान की मरुभूमि। चित्रकार के रूप में अमित ने अपने चित्रण का केन्द्रबिंदु नारी को बनाया और नारी चित्रण के लिए ही आज उनकी विशेष पहचान है। अमित के चित्रों की नारियां एक लयात्मक गति के साथ सामने आती हैं। संभवत लयात्मकता के चलते ही चित्रों में अमित ने नारी के सहभागी के रूप में पहले मछली, मोर और फिर घोड़े को उसका संगी बनाया।
 
वस्त्रहीन नारी चित्रण के चलते कई विरोध झेल चुके अमित का कहना है कि मेरा चित्रण अश्लील नहीं अपितु नारी की सामाजिक व मानसिक स्थिति का प्रतिबिंब है। सबसे पहले उन्हें 'साइको' सीरीज ने मशहुर किया जिसमें उन्होने नारी की विक्षिप्त अवस्था की दयनीयता और ऐसी अवस्था में भी समाज की उस देह के प्रति लोलुपता को दर्शाया।  इसके बाद अमित की नारी में कहीं सबलता दिखी तो कहीं बेचारगी, कहीं कमसिनता दिखी तो कहीं कामुकता। परन्तु चित्रण का भाव व रेखाएं लयात्मक रहीं।
कहतें हैं समय और स्थितियां मन के भाव को बदलने में सक्षम होती हैं। कुछ ऐसा ही अमित के मनोभावों के साथ हुआ। बदलते समय ने उन्हें यह एहसास करवाया कि कहीं ना कहीं चित्रण को लेकर वो एक ही घेरे में बंध रहे हैं या टाईप्ड हो रहे हैं। 
मन में बदलाव की लहर ने पूरी सजगता के साथ तब अंगड़ाई ली जब उनका चयन महिला महाविद्यालय में व्याख्याता के रूप में हुआ। अपनी छात्राओं के बीच अपने अन्दर के चित्रकार को सुलझाते हुए और सामाजिक सरोकारों के अनुसार प्रस्तुत करने की प्रबलता ने उनकी चित्रण शैली को बिल्कुल ही बदल डाला। रेखाओं की लयात्मकता कोणात्मक हो गई। विषय का चयन जो केवल नारी पर केन्द्रित था बहुआयामी हो गया। सबसे खास बात रही चित्रण की सरलता और रोचकता। अभी हाल ही में जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में लगी अमित की सोलो एग्जीबीशन के कोणात्मक चित्र खासे पसन्द किये गए। भविष्य में अमित की योजना कैनवास चित्रण के साथ स्कलपचर्स की बुनावट और इंस्टॉलेशन के विशेष गठन के प्रति झुकाव लिये नजर आ रही है। अमित का कला सफर कला प्रेमियों को इस कलाकार के मनोभावों के कई अन्य रोचक पहलुओं से रू-ब-रू करवाने वाला है, ऐसी उम्मीद की जा सकती है।
आगामी 5 व 6 दिसम्बर को राजस्थान के अजमेर नगर में मूमल व शुभदा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में अमित राजवंशी के चित्रों की प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रतिष्ठित अजमेर क्लब के प्रांगण में होने वाली इस चित्र प्रदर्शनी के दौरान अमित राजवंशी नगर के गणमान्य लोगों की उपस्थिाति में अपनी कला का जीवन्त प्रदर्शन भी करेंगे।
                                                                                                 -गाायत्री

कोई टिप्पणी नहीं: